सागर जिले के देवरी विकासखंड के ग्राम घोसीपत्ती गौरझामर निवासी किसान श्री राजकुमार लोधी ने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की सरकारी परियोजना के अंतर्गत नेट हाउस में इंग्लिश खीरा उत्पादन कर कम लागत, अधिक मुनाफा कमाया है। किसान श्री राजकुमार लोधी जिले के 31वें लाभार्थी किसान के रूप में उन्होंने पहली बार सीमित क्षेत्र में आधुनिक तकनीक से खेती कर अधिक उत्पादन प्राप्त किया।
श्री लोधी ने नेट हाउस में इंग्लिश खीरे की प्रथम फसल लगाई, जिसमें लगभग 1500 किलोग्राम उत्पादन प्राप्त हुआ। इस फसल पर उनका कुल खर्च मात्र 5 हजार रुपये आया। बाजार में खीरे का औसत भाव 17 रुपये प्रति किलोग्राम मिलने से उन्हें कुल 25,500 रुपये की आय प्राप्त हुई। सभी खर्चों को घटाने के बाद किसान को 20,500 रुपये की शुद्ध बचत हुई।
किसान श्री राजकुमार लोधी का कहना है कि नेट हाउस का प्रदर्शन उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है। उन्होंने पहली बार इतनी कम जगह में इतना अच्छा उत्पादन देखा है, जिससे वे अत्यंत उत्साहित और संतुष्ट हैं। उनका मानना है कि संरक्षित खेती तकनीक किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है।
