खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में भावांतर योजना के अंतर्गत सोयाबीन उत्पादक किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया जिले में दिनांक 03 अक्टूबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित की जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारीश्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा 25 पंजीयन केन्द्र निर्धारित करते हुए आवश्यक निर्देश जारी किये गये हैं।
शासन के निर्देशानुसार जिले में सोयाबीन उत्पादक किसानों का पंजीयन ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए जिले के विभिन्न विकासखण्डों में सेवा सहकारी समितियों एवं विपणन सहकारी समितियों के मुख्यालयों को पंजीयन केन्द्र बनाया गया है। इनमें गुना, बमोरी, आरोन, राघौगढ़ एवं चांचौड़ा विकासखण्ड की निर्धारित समितियां शामिल हैं।
किसान निर्धारित पंजीयन केन्द्रों के अतिरिक्त कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), एम.पी. ऑनलाइन कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र, साइबर कैफे एवं अन्य अधिकृत माध्यमों से भी अपना पंजीयन करा सकेंगे।
कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि पंजीयन कार्य निर्धारित समय-सीमा में सुचारू रूप से संपन्न कराया जाए तथा पंजीयन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उपसंचालक कृषि ने जिले के समस्त सोयाबीन उत्पादक किसानों से अपील की गई है कि वे भावांतर योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु निर्धारित अवधि 03 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 के मध्य अपना पंजीयन अवश्य कराएं तथा अंतिम तिथि का इंतजार न करें।
