सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रायसेन में आयोजित सेवा सेतु शिविर में सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा और कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा अनेक हितग्राहियों को आवासीय पट्टों का वितरण किया गया। आवासीय भूमि के अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे हितग्राहियों को जब पट्टा मिला तो उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
रायसेन की श्रीमती रामसिया बाई भी उन हितग्राहियों में शामिल हैं जिन्हें आवासीय पट्टा मिला है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि आवासीय पट्टा मिलने से उन्हें भूमि पर वैधानिक अधिकार प्राप्त हुआ है। अब उन्हें भी प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि पक्के मकान का सपना वर्षों से मन में था, लेकिन जमीन के अधिकार संबंधी दस्तावेज नहीं होने के कारण अनेक परेशानियां सामने आती थीं। आवासीय पट्टा मिलने के बाद यह चिंता दूर हुई है। यह आवासीय पट्टा केवल भूमि का अधिकार पत्र नहीं, बल्कि उनके परिवार के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। इससे बच्चों के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और परिवार को स्थायित्व एवं सुरक्षा का एहसास होगा।

