शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न गतिविधियां संचालित हैं। अभियान में नमो सेवा (अनकही कहानियां) मुख्य गतिविधि के तहत आगामी 5 अक्टूबर तक नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाना है। साथ ही इस जागरूकता गतिविधि के तहत देश में आए बदलाव की कहानियों को सरल, भावनात्मक एवं संगीतमय माध्यम से भी प्रस्तुत किया जाएगा।
इस क्रम में संस्कृति विभाग के निर्देशन व जिला प्रशासन के सहयोग से जिले में नुक्कड़ नाटक टोली तैयार की गई है।
खास बातें
- प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्म दिवस पर 17 सितम्बर को एक माह तक संचालित होने वाले इस महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारंभ हुआ।
- राष्ट्राध्यक्ष के रूप में श्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था 11वें से चौथे स्थान पर पहुंची है।
- एक देश एक विधान नीति के तहत जम्मू कश्मीर से धारा 370 को भी समाप्त किया गया।
एक निजी फाउंडेशन के कलाकार दल द्वारा सोमवार को पन्ना शहर के शासकीय सांदीपनि मॉडल उ.मा. विद्यालय में देश की विकास गाथा पर केन्द्रित आकर्षक नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने की उपलब्धि को सेवा संकल्प अभियान के रूप में देशभर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्म दिवस पर 17 सितम्बर को एक माह तक संचालित होने वाले इस महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारंभ हुआ। जनसहभागिता के माध्यम से सभी मुख्य गतिविधियों में लोगों को जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी ने पहले के भारत का संघर्ष नहीं देखा है, लेकिन वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। राष्ट्राध्यक्ष के रूप में श्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था 11वें से चौथे स्थान पर पहुंची है। इसके पूर्व श्री मोदी ने 13 वर्ष बतौर गुजरात के मुख्यमंत्री जनहित में विकास के बेहतर कार्य किए। गुजरात के सफल मॉडल का अनुशरण देश के अन्य राज्यों ने भी किया।
श्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद के विरूद्ध एयर स्ट्राइक एवं सर्जिकल स्ट्राइक कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एक देश एक विधान नीति के तहत जम्मू कश्मीर से धारा 370 को भी समाप्त किया गया। अयोध्या में राम मंदिर भी बना। इस तरह कई उल्लेखनीय कार्यों के साथ देश विकास की राह पर बढ़ रहा है।
पन्ना विधायक ने सांदीपनि विद्यालय के बच्चों से संवाद भी किया और कहा कि सांदीपनि स्कूल किसी भी निजी स्कूल से कमतर नहीं हैं। आज के युवा घर के साथ जिले, प्रदेश और देश के कर्णधार बनें, ऐसी आशा एवं उम्मीद है। जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को विकास का पर्याय बताया और सभी विद्यार्थियों से विकसित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में योगदान की अपील की।
कलाकारों के दल ने राष्ट्र के विकास संबंधी विभिन्न विषयों, आयामों एवं नीतियों पर आकर्षक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों सहित कलेक्टर ऊषा परमार, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी एवं जिला परियोजना प्रबंधक प्रमोद शुक्ला, प्राचार्य जयकरण पटेल, शिक्षकगण व छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे। जिला मुख्यालय पर शासकीय आर.पी. उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय क्रमांक 1 में भी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से देश में आए बदलाव की कहानियां साझा की गई।


