"सेवा संकल्प अभियान" अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने की सहभागिता
आंगनवाड़ी केंद्र छोटे बच्चों की प्राथमिक शिक्षा, अच्छे संस्कार और सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं: केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार
खास बातें
- 'सेवा संकल्प अभियान 2026' के अंतर्गत आज पृथ्वीपुर विकासखण्ड की ग्राम पंचायत मड़िया के आंगनवाड़ी केंद्र पर 'आंगन मिलन कार्यक्रम' का गरिमामय आयोजन किया गया।
- केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और हितग्राहियों से सीधा संवाद किया।
- गौरतलब है कि देश और प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे एक महीने के लिए 'सेवा संकल्प अभियान 2026' चलाया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने मड़िया आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों संग बिताया समय
'सेवा संकल्प अभियान 2026' के अंतर्गत आज पृथ्वीपुर विकासखण्ड की ग्राम पंचायत मड़िया के आंगनवाड़ी केंद्र पर 'आंगन मिलन कार्यक्रम' का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय (भारत सरकार) के केंद्रीय मंत्री एवं टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
'आंगन मिलन कार्यक्रम' के दौरान अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल पोषण वितरण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह छोटे बच्चों की प्राथमिक शिक्षा, अच्छे संस्कार और सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी पहलों के सफल क्रियान्वयन पर जोर दिया और बताया कि सरकार का मुख्य लक्ष्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और माताओं से बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य एवं सही पोषण के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।
इसके साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि जब देश के गाँव, महिलाएं और बच्चे पूरी तरह स्वस्थ और सशक्त होंगे, तभी हमारा देश वास्तविक अर्थों में विकसित भारत बनने का सपना साकार कर सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने आंगनवाड़ी के बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताया और उनसे संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए केंद्रीय मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने केंद्र परिसर में पौधारोपण भी किया।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और हितग्राहियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं और महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सभी को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों के मनोरंजन और सीखने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया, पृथ्वीपुर के पूर्व विधायक डॉ. शिशुपाल यादव, नगर परिषद पृथ्वीपुर की अध्यक्ष श्रीमती नीलू खटीक, श्री राजेश साहू, मड़िया सरपंच श्री संजय सिंह दांगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि देश और प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे एक महीने के लिए 'सेवा संकल्प अभियान 2026' चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा की भावना को जन-जन तक पहुँचाना और आंगनवाड़ी केंद्रों को सीधे समुदाय से जोड़ना है।


