मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के पूर्ण होने के पश्चात विशेष अभियान के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में शनिवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ संपन्न व्हीसी में निर्देशित किया गया है कि सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पूर्व में जारी समस्त पत्रों में अंकित निर्देशों का क्रियान्वयन करें।

सभी बीएलओ को तहसील स्तर पर बुलाकर प्री-एसआईआर की मतदाता सूची एवं वर्तमान मतदाता सूची के आधार पर एक सूची बनवाने के लिए कहा गया है, जिसके तहत प्री-एसआईआर में मतदाता का नाम दर्ज होने व वर्तमान सूची में नाम न होने की स्थिति में संबंधित के नाम के सामने नाम न होने का कारण लेख कर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ सूची साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही बीएलए के माध्यम से छूटे मतदाताओं के नाम शामिल करने में सहयोग करने के लिए आग्रह करने हेतु भी निर्देशित किया गया है। सभी बीएलओ द्वारा अपने मतदान केन्द्र क्षेत्र में घर-घर जाकर छूटे मतदाताओं के नाम शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा।

इस दौरान 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं सहित एक जनवरी 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाता भी सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा कार्य की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को दो दिवस में सूची तैयार करवाकर प्रेषित करने के लिए निर्देशित किया गया है।

साथ ही इस कार्य में नायब तहसीलदार को प्रभारी नियुक्त कर ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं पटवारियों को बीएलओ के सहयोग के निर्देश दिए गए हैं।