सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत संचालित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ (जन जल सेवा संकल्प यात्रा) का गुरुवार को बड़ागांव धसान जिला टीकमगढ़ में आगमन हुआ। यात्रा के बड़ागांव धसान पहुंचने पर जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक, श्रीमती सरोज राजपूत, पूर्व विधायक टीकमगढ़ श्री राकेश गिरि गोस्वामी, श्री संकल्प जैन, श्री राहुल तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीयजनों ने स्वागत किया।
सेवा संकल्प यात्रा इसके पश्चात यात्रा अमर शहीद नारायण दास खरे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ागांव धसान पहुंची, जहां सेवा संकल्प संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रों द्वारा बुंदेलखंड के प्रसिद्ध मोनिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से किया गया। मोनिया नृत्य की प्रस्तुति ने यात्रियों एवं उपस्थित स्थानीयजनों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवा संकल्प यात्रियों ने यात्रा के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की पावन धरा टीकमगढ़ में सेवा संकल्प यात्रा के आगमन पर स्थानीयजनों द्वारा जिस आत्मीयता और स्नेह के साथ स्वागत किया गया, उसके लिए सभी यात्री आभारी हैं। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प यात्रा के दौरान जन जल सेवा संकल्प के तहत स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद सहित विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को बुंदेली व्यंजन परोसे गए, जिसकी यात्रियों ने सराहना की। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ागांव धसान परिसर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को शासन की योजनाओं एवं उनके लाभ की जानकारी दी गई।
सेवा संकल्प यात्रा के टीकमगढ़ जिले में द्वितीय दिवस 25 सितंबर को संदीपनी विद्यालय बड़ागांव धसान में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा संकल्प यात्री यात्रा के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा करेंगे। इसके पश्चात संदीपनी विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा। तत्पश्चात सेवा संकल्प यात्रा ग्राम समर्रा पहुंचेगी, जहां से यात्रा उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते हुए ललितपुर जिले के लिए प्रस्थान करेगी।



