नगर पालिका परिषद सीधी के वार्ड क्रमांक 06 निवासी अशोक गुप्ता मानस भवन के सामने ‘खुशबू आइसक्रीम’ नाम से ठेला लगाकर स्वरोजगार करते हैं। कोरोना काल के लॉकडाउन के दौरान उनका व्यवसाय पूरी तरह बंद हो गया था। जमा पूंजी परिवार की आजीविका में खर्च हो जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया और वे दोबारा अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर पा रहे थे।
इसी दौरान अशोक गुप्ता को प्रधानमंत्री स्वनिधि स्ट्रीट वेंडर योजना की जानकारी मिली। योजना के माध्यम से उन्हें पहले 10 हजार रुपये, समय पर ऋण की किस्तें चुकाने पर 20 हजार रुपये तथा इसके बाद 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। ऋण का समय पर भुगतान कर उन्होंने अपने व्यवसाय को फिर से मजबूत किया।
अशोक गुप्ता मौसम के अनुसार आइसक्रीम, कपड़े तथा रक्षाबंधन के अवसर पर राखी आदि का व्यवसाय भी करते हैं। इससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 18 से 20 हजार रुपये की आय हो जाती है। उनके परिवार को उज्ज्वला गैस कनेक्शन, लाड़ली बहना योजना तथा खाद्यान्न योजना का लाभ भी मिल रहा है।
अशोक गुप्ता ने बताया कि शासन की योजनाओं से उन्हें आर्थिक रूप से आगे बढ़ने और परिवार की आजीविका बेहतर तरीके से चलाने में सहायता मिली है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।