सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार के अंतर्गत शनिवार को जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए। सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने जनपद पंचायत साईंखेड़ा में आयोजित शिविर में सहभागिता की। विधायक गोटेगांव श्री महेन्द्र नागेश एवं पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल ने जनपद पंचायत नरसिंहपुर के ग्राम सिंहपुर बड़ा एवं गोटेगांव जनपद पंचायत के ग्राम गोटेगांव खेड़ा तथा जनपद पंचायत करेली में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की। तेंदूखेड़ा विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने जनपद पंचायत चीचली में आयोजित शिविर में सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों ने शिविरों में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को उनके नजदीक ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करना रहा। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं, सेवाओं एवं पात्रता की जानकारी दी और प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई की।

खास बातें

  • विधायक तेंदूखेड़ा श्री पटेल ने 7.30 करोड़ रुपये से अधिक के हितलाभ
  • हितलाभ की कुल राशि 7 करोड़ 30 लाख 26 हजार रुपये रही।
  • अभियान के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 18 आवेदनों का निराकरण करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना एवं एसएलआरएम से संबंधित 4 करोड़ 17 लाख रुपये के हितलाभ शामिल रहे।

जिले में 3 हजार 850 आवेदन प्राप्त

सेवा सेतु अभियान के तहत जिले के करेली, गोटेगांव, नरसिंहपुर, बाबई चीचली एवं साईंखेड़ा विकासखंडों में नागरिकों द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए कुल 3 हजार 850 आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें करेली में 516, गोटेगांव में 490, नरसिंहपुर में 1139, बाबई चीचली में 901 तथा साईंखेड़ा में 804 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी की मौजूदगी में साईखेड़ा में आयोजित हुआ सेवा सेतु शिविर

दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित

जिले में नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार के अंतर्गत सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी के मुख्य आतिथ्य में विकासखण्ड स्तरीय शिविर का आयोजन जनपद पंचायत साईंखेड़ा में किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और नागरिकों से संबंधित आवेदनों एवं समस्याओं का संज्ञान लिया गया।

शिविर दिवस एवं अभियान सप्ताह के दौरान विभिन्न विभागों से कुल 806 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें ऊर्जा विभाग के 5, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के 132, कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग का 1, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के 21, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 203, महिला एवं बाल विकास विभाग के 37, राजस्व विभाग के 201, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 40, श्रम विभाग के 19, सहकारिता विभाग के 4, सामाजिक न्याय विभाग के 18, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के 2, स्कूल शिक्षा विभाग के 69 तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 54 आवेदन शामिल हैं।

शिविर में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा जरूरतमंद हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस दौरान एक हितग्राही को कमर बेल्ट, दो हितग्राहियों को कान की मशीन तथा दो हितग्राहियों को घुटने के बेल्ट प्रदान किए गए। सहायक उपकरण मिलने से हितग्राहियों को दैनिक जीवन में सुविधा मिलेगी।

सेवा सेतु अभियान के तहत ग्राम सिंहपुर बड़ा, ग्राम गोटेगांव खेड़ा तथा करेली में आयोजित हुए शिविर

विधायक गोटेगांव एवं पूर्व राज्यमंत्री ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित

विधायक गोटेगांव श्री महेन्द्र नागेश एवं पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नरसिंहपुर जनपद पंचायत के ग्राम सिंहपुर बड़ा, गोटेगांव जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत गोटेगांव खेड़ा एवं जनपद पंचायत करेली में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की। अतिथियों ने पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया तथा नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री हाकम सिंह चढ़ार, जनपद अध्यक्ष श्रीमती आरती सतीश पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पूनम ठाकुर, जनपद सदस्य श्रीमती रश्मि मेहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं तथा राजस्व विभाग से संबंधित नागरिक सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को शिविरों के माध्यम से उपलब्ध कराया गया। जनपद पंचायत करेली में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन कर नागरिकों से संवाद किया तथा स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली।

इसी प्रकार जनपद पंचायत गोटेगांव की ग्राम पंचायत गोटेगांव खेड़ा में आयोजित शिविर में जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्रता के अनुसार योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गोटेगांव श्री महेन्द्र नागेश ने कहा कि सेवा सेतु अभियान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का प्रयास है कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े और उसकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान हो।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं एवं हितलाभों की जानकारी और सुविधा मिल रही है। किसानों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

पात्र हितग्राहियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आना चाहिए तथा संबंधित विभागों से जानकारी प्राप्त करनी चाहिए।

विधायक श्री नागेश ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य प्रभावी रूप से पूरा हो सके। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल ने कहा कि सरकार ने गरीब परिवारों के सपनों को साकार करते हुए उन्हें पक्के आवास उपलब्ध कराए हैं। विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिल एवं पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा एवं आवागमन को सुगम बनाया गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को नि:शुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना और लाड़ली बहना योजना सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसके लिए मैदानी अमला भी लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना ही सेवा सेतु अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

ग्राम पंचायत सिंहपुर बड़ा में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा स्वामित्व अभिलेख संबंधी खसरे की प्रतियां हितग्राहियों को वितरित की गईं। इनमें गंगा बाई/ मुन्नालाल ठाकुर, वीरनलाल/ भिक्का चौधरी, गिरानी ठाकुर/ जेठू ठाकुर, भैयालाल/ हरिराम रेकवार, छिद्दीलाल/ जुगल कुशवाहा, गनेश/ सुखराम मेहरा एवं विष्णु प्रसाद/ बालचंद मलाह शामिल हैं।

इसी प्रकार फार्मर रजिस्ट्री के अंतर्गत सौरभ पिता सत्येंद्र शर्मा, राजेश पिता ताराचंद रैकवार, राजकुमार पिता हर प्रसाद पटेल एवं रामकुमार पिता मानसिंह चौधरी को पंजीयन संबंधी प्रतियां वितरित की गईं। इसी प्रकार श्वेता पति नीरज शर्मा, पुरुषोत्तम पिता गोकुल शर्मा, शिखा पति नितिन शर्मा, यज्ञदत्त पिता जयदेव प्रसाद फरसोईया व चोखेलाल पिता लोकमन मेहरा को नामांतरण आदेश प्रति एवं अद्यतन खसरा की प्रति वितरित की गई।

ग्राम पंचायत सिंहपुरबड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के द्वारा 16 स्वसहायता समूह को 37 लाख 50 हजार रुपये की राशि वितरित की गई।

विधायक तेंदूखेड़ा श्री पटेल ने 7.30 करोड़ रुपये से अधिक के हितलाभ

चीचली सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित शिविर में 873 आवेदनों का हुआ मौके पर निराकरण

जनपद पंचायत चीचली में सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार के अंतर्गत आयोजित शिविर में तेंदूखेड़ा विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने शिविर में हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत लाभ प्रदान किया गया। हितलाभ की कुल राशि 7 करोड़ 30 लाख 26 हजार रुपये रही। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित नागरिकों के कुल 1001 आवेदन प्राप्त हुए।

इनमें से 873 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि लंबित आवेदनों का विभागीय स्तर पर समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा। किसी भी आवेदन को अपात्र नहीं पाया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राधा अहिरवार, श्री मुकेश मरैया, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ऋचा स्थापक एवं श्री राहुल ममार सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

अभियान के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 18 आवेदनों का निराकरण करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना एवं एसएलआरएम से संबंधित 4 करोड़ 17 लाख रुपये के हितलाभ शामिल रहे। श्रम विभाग के 11 आवेदनों का निराकरण कर संबल अनुग्रह सहायता के अंतर्गत 24 लाख रुपये का हितलाभ दिया गया।

इसी तरह महिला एवं बाल विकास विभाग के 40 आवेदनों में 38 का मौके पर निराकरण किया गया तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत 7 लाख 15 हजार रुपये के हितलाभ का प्रावधान रहा। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के 10 आवेदनों में 6 का मौके पर निराकरण कर कृषि पंप से संबंधित 8 हजार रुपये का हितलाभ दर्ज किया गया।

वहीं सामाजिक न्याय विभाग के सभी 16 आवेदनों का निराकरण करते हुए पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। शिविर में राजस्व विभाग से प्राप्त 537 आवेदनों में 536, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के 53 में से 52, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 45 में से 44 तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सभी 149 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया।

सेवा सेतु अभियान के तहत नि:शुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर आयोजित

जिले में 387 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विकासखंडों में नि:शुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नागरिकों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। नरसिंहपुर, करेली, चांवरपाठा, चीचली, गोटेगांव एवं सांईखेड़ा विकासखंडों में आयोजित शिविरों के माध्यम से कुल 387 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। विकासखंड नरसिंहपुर में 101, करेली में 67, चांवरपाठा में 39, चीचली से 56, गोटेगांव में 82 और 42 नागरिकों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में नागरिकों को आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की गईं।

किसानों से संवाद कर कृषि योजनाओं की दी जानकारी

अभियान के दौरान कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना द्वारा किसानों को कृषि, प्राकृतिक खेती, बीआरसी एवं विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर चर्चा कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त हुई और विभागीय अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिला।