आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन, अपर कलेक्टर श्री क्षितिज शर्मा, अपर कलेक्टर श्री अरविंद चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र तारणेकर सहित शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को परंपरागत रूप से आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि त्यौहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस एवं चल समारोह में डीजे साउंड सिस्टम का कम से कम उपयोग किया जाए।

साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों, भ्रामक एवं विवादास्पद संदेशों को पोस्ट अथवा शेयर करने से बचें। उन्होंने अधिकारियों को नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान शहर की सड़कों की आवश्यक मरम्मत, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों दिए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि नवरात्रि में मिट्टी की मूर्तियों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाए तथा प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित किया जाए।

गणेश विसर्जन की तर्ज पर माता की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित एवं चिन्हित स्थानों पर ही प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने मूर्ति स्थापना करने वाले आयोजकों तथा गरबा आयोजन करने वाले संचालकों द्वारा आवश्यक अनुमति प्राप्त करने, आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करने तथा विद्युत विभाग से नियमानुसार बिजली कनेक्शन की अनुमति लेने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को नियमित रूप से निरीक्षण करने के लिए भी कहा गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसा कोई संदेश पोस्ट अथवा शेयर न करें, जिससे शहर का माहौल खराब हो। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं शांति समिति के सदस्य एक टीम के रूप में कार्य करते हुए जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं।