अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर में वृद्धजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 150 से अधिक वृद्धजनों का पंजीयन कर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता के अनुसार उपचार, परामर्श एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।

शिविर में मेडिसिन, सर्जरी, नेत्र रोग, हड्डी रोग एवं फिजियोथैरेपी विभाग के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने वृद्धजनों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। इस दौरान विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही, जरूरतमंद वृद्धजनों को फिजियोथैरेपी संबंधी सेवाओं का भी लाभ प्रदान किया गया।

कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष कुमार मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य वृद्धजनों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में वृद्धजनों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी एवं आरएमओ डॉ. राहुल नेमा सहित जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, नर्सिंग ऑफिसर एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से वृद्धजनों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके बेहतर स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवन एवं सम्मानजनक जीवन के प्रति स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया गया।