अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठजनों का सम्मान

वृद्धजनों के सम्मान और स्वास्थ्य को समर्पित रहा अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस

खास बातें

  • श्रीरामराजा वृद्धाश्रम ओरछा में 136 वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण, 35 वृद्धजनों ने किया योगाभ्यास
  • अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर श्रीरामराजा वृद्धाश्रम, ओरछा में सम्मान, स्वास्थ्य एवं आत्मीयता से परिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
  • आयुष विभाग द्वारा आयोजित योग सत्र में लगभग 35 वृद्धजनों ने योगाभ्यास किया।

श्रीरामराजा वृद्धाश्रम ओरछा में 136 वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण, 35 वृद्धजनों ने किया योगाभ्यास

निवाड़ी, 01 अक्टूबर 2026। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर श्रीरामराजा वृद्धाश्रम, ओरछा में सम्मान, स्वास्थ्य एवं आत्मीयता से परिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में वृद्धजनों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य की जांच, योगाभ्यास, वृक्षारोपण एवं विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में माननीय न्यायाधीश महोदय, राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट, सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटैरिया, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री रोहन सक्सेना, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग सुश्री स्वाति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन योग सत्र से हुई। आयुष विभाग द्वारा आयोजित योग सत्र में लगभग 35 वृद्धजनों ने योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों एवं चिकित्सकीय दल द्वारा वरिष्ठजनों को नियमित योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें वृद्धाश्रम में निवासरत 136 वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुष चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा वरिष्ठजनों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही आयुर्वेद चिकित्सा, संतुलित आहार, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित उपयोगी जानकारी दी गई। वरिष्ठजनों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के अनुसार चिकित्सकीय दल द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा वृद्धाश्रम परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठजनों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वास्थ्य, आवश्यकताओं एवं कुशलक्षेम की जानकारी ली गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने वृद्धजनों से संवाद कर उनके जीवन के अनुभवों एवं सुझावों को भी सुना।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने वृद्धाश्रम में शेड निर्माण कराए जाने का आश्वासन दिया। शेड निर्माण से वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठजनों को धूप एवं वर्षा से राहत मिलेगी तथा दैनिक गतिविधियों एवं सामूहिक कार्यक्रमों के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उनके पास जीवन का व्यापक अनुभव, ज्ञान एवं संस्कारों की समृद्ध विरासत है। परिवार एवं समाज के निर्माण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना को निरंतर मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।

राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट ने कहा कि “वरिष्ठजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और आशीर्वाद से समाज को निरंतर मार्गदर्शन मिलता है। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सभी वरिष्ठजनों को सम्मान एवं शुभकामनाएं।”

सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटैरिया ने कहा कि “वरिष्ठजनों का सम्मान हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। उनके स्वास्थ्य, सम्मान और सुविधाओं का ध्यान रखना हम सभी का दायित्व है। ऐसे कार्यक्रम वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करते हैं।”

कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने कहा कि “जिला प्रशासन वरिष्ठजनों के सम्मान, स्वास्थ्य एवं सुविधाओं के लिए निरंतर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठजनों की आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।”

कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें वृद्धजनों एवं उपस्थित अतिथियों ने सहभागिता की। इसके पश्चात उपस्थित वृद्धजनों एवं अतिथियों के लिए स्वरुचि भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ।