31 बच्चों एवं 17 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं से किया संवाद
छतरपुर जिले में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आंगन से मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के प्रथम चरण के द्वितीय दिवस 27 सितंबर को महिला एवं बाल विकास परियोजना छतरपुर ग्रामीण के मातगुवां क्षेत्र के आंगनवाड़ी केन्द्रों में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
खास बातें
- अभियान के प्रथम चरण के द्वितीय दिवस 27 सितंबर को महिला एवं बाल विकास परियोजना छतरपुर ग्रामीण के मातगुवां क्षेत्र के आंगनवाड़ी केन्द्रों में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
- मातगुवां क्षेत्र के चार आंगनवाड़ी केन्द्रों के संयुक्त स्वास्थ्य शिविर में 31 बच्चों एवं 17 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।
- केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे, गर्भवती एवं धात्री महिला को उचित पोषण आहार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
ग्राम मातगुवां के आंगनवाड़ी केन्द्र में कार्यक्रम का शुभारंभ केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
द्वितीय दिवस की थीम बाल स्वास्थ्य एवं आनंदमयी गतिविधि रही। बच्चों द्वारा गीत एवं कहानी सहित विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।
मातगुवां क्षेत्र के चार आंगनवाड़ी केन्द्रों के संयुक्त स्वास्थ्य शिविर में 31 बच्चों एवं 17 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के वीडियो संदेशों का प्रसारण भी किया गया।
केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे, गर्भवती एवं धात्री महिला को उचित पोषण आहार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। बच्चों के वजन की नियमित निगरानी तथा आवश्यकता अनुसार एनआरसी में रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित हो। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य परामर्श एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
केन्द्रीय मंत्री ने महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम एवं महिला पर्यवेक्षक को सम्मानित किया गया। साथ ही गर्भवती माताओं एवं विभिन्न योजनाओं की हितग्राहियों का भी सम्मान किया गया।



