संपूर्ण प्रदेश में 7 अगस्त से संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले में आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को समाधान और जनसंवाद गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इसी कड़ी में बड़वानी जिले में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के मार्गदर्शन में सेंधवा विकासखंड के मोहनपडावा क्लस्टर के 13 गांवों के लिए विशेष जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। अभियान के तहत क्लस्टर के अंतर्गत आने वाली सभी शैक्षणिक संस्थाओं की समीक्षा की गई। जिला परियोजना समन्वयक के अनुसार मोहनपडावा क्लस्टर में शिक्षा अधोसंरचना को मजबूती देने के लिए 15 नए शाला भवनों की स्वीकृति दी गई है।
वहीं समीक्षा में चिन्हित जीर्ण-शीर्ण एवं मरम्मत योग्य भवनों के त्वरित कायाकल्प का निर्णय लिया गया। समयबद्ध निर्णय से 10 दिनों में कायाकल्प अभियान के तहत 29 अगस्त को किए गए प्रशासनिक निरीक्षण के बाद जनपद पंचायत द्वारा 2 शालाओं का जीर्णाेद्धार संबंधित ग्राम पंचायतों के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया।
मात्र 10 दिनों की समय-सीमा में ग्राम पंचायत लहंगिया फलिया आचली एवं खड़ीखोदरी टाकिया पानी में मरम्मत व सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण कराया गया। लहंगिया फलिया आचली एवं खड़ी खुर्द में पंचायत द्वारा प्लास्टर, आंतरिक पुट्टी और रंग रोगन का कार्य प्राथमिकता से कराया गया। शिक्षकों की पहल से बनीं बाल-सुलभ कक्षाएं शाला भवन के जीर्णाेद्धार के साथ ही स्थानीय शिक्षकों ने स्वयं रुचि लेते हुए कक्षाओं में बाला अवधारणा के तहत चित्रकारी कराई।
दीवारों पर उकेरी गई शैक्षणिक आकृतियों से शाला परिसर बाल-सुलभ, आकर्षक और प्रेरणादायी बन गया है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से क्लस्टर स्तर पर सीधी निगरानी और प्रशासनिक तत्परता से ग्रामीण अंचल में शिक्षा अधोसंरचना का त्वरित विस्तार हो रहा है।



