70 वीं राज्यस्तरीय शालेय वॉलीबॉल एवं मलखंब प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इस प्रतियोगिता का आयोजन 06 से 10 अक्टूबर तक जिला खेल स्टेडियम विदिशा में किया जाएगा।
संयुक्त कलेक्टर व जिला नोडल अधिकारी श्रीमती दीपा श्री काशवानी ने बताया है कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 9 संभागों एवं जनजातीय कार्य विभाग के क्रीड़ा दलों से लगभग 620 खिलाड़ी एवं ऑफिशियल्स सहभागिता करेंगे।
खास बातें
- ऐसे में उनके ठहरने, आवागमन, भोजन एवं खेल गतिविधियों से संबंधित सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं सुविधाजनक होना आवश्यक है।
- संबंधित विभाग आपसी समन्वय से सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करें, ताकि प्रतियोगिता का आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
- प्रतियोगिता को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिका को आवास स्थलों एवं प्रतियोगिता स्थल पर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती दीपाश्री गुप्ता ने संबंधित विभागों एवं स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल्स की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवास, परिवहन, भोजन, खेल मैदान, चिकित्सा, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं ऑफिशियल्स विदिशा आएंगे। ऐसे में उनके ठहरने, आवागमन, भोजन एवं खेल गतिविधियों से संबंधित सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं सुविधाजनक होना आवश्यक है। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करें, ताकि प्रतियोगिता का आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
साफ-सफाई, प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था के निर्देश
प्रतियोगिता को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिका को आवास स्थलों एवं प्रतियोगिता स्थल पर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकतानुसार पानी के टैंकरों की व्यवस्था करने के लिए भी निर्देशित किया गया है। खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल्स को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
खिलाड़ियों की चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ( CMHO) को प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए प्राथमिक चिकित्सा एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिता स्थल पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए समुचित व्यवस्था की जाएगी।
खेल मैदान एवं प्रतियोगिता संबंधी व्यवस्थाएं होंगी सुनिश्चित
जिला खेल अधिकारी को जिला खेल स्टेडियम में प्रतियोगिता से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खेल मैदान, खिलाड़ियों की सुविधा तथा प्रतियोगिता संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने को कहा गया है।
वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी को शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं खेल शिक्षकों की ड्यूटी निर्धारित कर प्रतियोगिता के सफल संचालन में उनकी जिम्मेदारियां तय करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर समन्वित रूप से कार्य किया जाएगा।
राज्यस्तरीय शालेय वॉलीबॉल एवं मलखंब प्रतियोगिता के आयोजन से विदिशा में विभिन्न जिलों एवं संभागों से आने वाले प्रतिभाशाली स्कूली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा प्रतियोगिता के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।


