मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आज टीकमगढ़ विकासखंड में संभागायुक्त श्री दिलीप कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता सिंह एवं कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित 43 आवेदनों पर सुनवाई की गई। इनमें राजस्व अभिलेख सुधार से संबंधित 105 प्रकरणों का निराकरण करते हुए आवेदकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों का भी नियमानुसार निराकरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर राजस्व अभिलेख सुधार, भूमि संबंधी प्रकरण, बीपीएल, संबल कार्ड, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। संभागायुक्त श्री दिलीप कुमार एवं कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्रता के आधार पर प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उद्यमियों से संवाद कर व्यवसाय एवं समस्याओं की ली जानकारी

शिविर के दौरान संभागायुक्त श्री दिलीप कुमार ने उद्यमियों श्री रजनीश बिहारी मिश्रा, श्री अमित भास्कर, श्री विवेक कुमार गुप्ता, श्रीमती ज्योति सिंह एवं श्री ओमप्रकाश मिश्रा से संवाद कर उनके व्यवसाय, आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, पीएमएफएमई योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम स्वनिधि योजना, उद्यानिकी विभाग की क्षेत्र विस्तार योजना एवं एनआरएलएम स्व-सहायता समूह ऋण योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत पात्र 15 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

खास बातें

  • संभागायुक्त श्री दिलीप कुमार ने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विभागीय सहयोग एवं बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
  • जनविश्वास अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सहज एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना: जिला पंचायत अध्यक्ष
  • जनविश्वास शिविर के माध्यम से प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं की उनके क्षेत्र में ही सुनवाई कर त्वरित एवं समयबद्ध समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की गई।

संभागायुक्त श्री दिलीप कुमार ने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विभागीय सहयोग एवं बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र सुनौरा-खिरिया में आवंटित भूखंडों पर व्याप्त अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही करने तथा उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इंफ्लूएंसर्स से संवाद कर कंटेंट की ली जानकारी

इस अवसर पर कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने जिले के इंफ्लूएंसर्स श्री अमन सोनी, श्री मयूर तिवारी एवं सुश्री अदिति मिश्रा से संवाद किया और उनके द्वारा तैयार किए जा रहे कंटेंट की जानकारी ली। उन्होंने इंफ्लूएंसर्स को समाजहित, जनजागरूकता एवं ज्ञानवर्धक विषयों पर उपयोगी कंटेंट तैयार करने का सुझाव दिया।

जनविश्वास अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सहज एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना: जिला पंचायत अध्यक्ष

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता सिंह ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सहज, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जनविश्वास शिविरों के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा नागरिकों की समस्याओं का उनके क्षेत्र में ही समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

संभागायुक्त श्री दिलीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में नियमानुसार निराकरण किया जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

जनविश्वास शिविर के माध्यम से प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं की उनके क्षेत्र में ही सुनवाई कर त्वरित एवं समयबद्ध समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विशाल धाकड़, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटोरिया, तहसीलदार टीकमगढ़ श्री सतेंद्र गुर्जर, जनपद पंचायत सीईओ श्री मनीष शेंडे सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।