गांधी जयंती से राष्ट्रसेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान का आयोजन 2 से 10 अक्टूबर तक किया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित इस अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य, वृद्धजनों एवं अनाथ बच्चों की सेवा, नेत्र परीक्षण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, वृक्षारोपण, सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता जैसी नौ गतिविधियां प्रदेश में आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर श्री सिद्धार्थ ने आदेश जारी कर अभियान के प्रभावी संचालन हेतु अधिकारियों को दायित्व सौंपे है।

खास बातें

  • कलेक्टर श्री सिद्धार्थ ने आदेश जारी कर अभियान के प्रभावी संचालन हेतु अधिकारियों को दायित्व सौंपे है।
  • जारी कार्यक्रम अनुसार अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को ‘स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधि से होगी।
  • अभियान के तहत 4 अक्टूबर को जिला पंचायत हरदा के पास संचालित वृद्धाश्रम में सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जारी आदेश अनुसार अपर कलेक्टर श्रीमती अनुपमा चौहान को जिला नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रवीण इवने व मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री रौशन सिंह बाथम को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जारी कार्यक्रम अनुसार अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को ‘स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधि से होगी। स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करने के साथ प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा।

स्वच्छता जागरूकता रैली और जनसंवाद के माध्यम से गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर जिले के सभी नगरीय निकायों एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत जनपद स्तर पर स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया जाएगा। इसी प्रकार सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक मुक्त परिसर हेतु संकल्प दिलाया जाएगा।

इस दौरान जिला स्तर पर श्री गुप्तेश्वर मंदिर वार्ड क्रमांक 31 नगर पालिका हरदा में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार विकासखण्ड स्तर पर शासकीय विद्यालय बालागांव, राधाकृष्ण मंदिर सोनतलाई, माँ नर्मदा घाट हंडिया, गुप्तेश्वर गौशाला चारूवा, बजरंग मंदिर आमासेल, कान्हा बाबा चौक सोडलपुर, विद्यालय परिसर मालेगांव व माँ नर्मदा घाट लछौरा तथा नगरीय निकाय स्तर पर शासकीय चिकित्सालय खिरकिया, बस स्टेण्ड टिमरनी व गांधी चौक सिराली में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएगी।

इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर सभी ग्राम पंचायतों में भी में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएगी। ‘‘सेवा मेरा अभियान के तहत 3 अक्टूबर को जिला स्तर पर जिला चिकित्सालय हरदा व विकासखण्ड स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिराली व खिरकिया तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र सिराली में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इनमें सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया जाएगा।

जरूरतमंदों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के साथ गंभीर मामलों को संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने और आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन की व्यवस्था रहेगी। स्वास्थ्य शिविरों में लोगों को पोषण, स्वस्थ जीवनशैली और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ शासन की स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी। अभियान के तहत 4 अक्टूबर को जिला पंचायत हरदा के पास संचालित वृद्धाश्रम में सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। होंगी।

वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके अनुभव सुने जाएंगे तथा भोजन, फल और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से वृद्धजनों के साथ अपनत्व का भाव मजबूत किया जाएगा।